सुंदरबन टाइगर रिज़र्व बना भारत का दूसरा सबसे बड़ा टाइगर रिज़र्व

पश्चिम बंगाल का सुंदरबन टाइगर रिज़र्व 3,629.57 वर्ग किलोमीटर के साथ भारत का दूसरा सबसे बड़ा टाइगर रिज़र्व बन गया है। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री की अध्यक्षता में राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड (NBWL) ने सुंदरबन टाइगर रिज़र्व (STR) का कुल 1,044.68 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल बढ़ाने के पश्चिम बंगाल सरकार के प्रस्ताव को मंज़ूरी दी है। इस कदम से यह रिज़र्व भारत के सातवें सबसे बड़े टाइगर रिज़र्व से बढ़कर दूसरा सबसे बड़ा टाइगर रिज़र्व बन गया है, जिससे बाघ प्रबंधन में सुधार होगा और संभावित रूप से वित्त पोषण और पर्यटन के अवसरों में भी वृद्धि होगी। भारत का सबसे बड़ा टाइगर रिजर्व आंध्र प्रदेश का नागार्जुनसागर-श्रीशैलम टाइगर रिज़र्व (3,727.82 वर्ग किमी) है। इससे पहले 9 मार्च, 2025 को केंद्रीय पर्यावरण मंत्री ने मध्य प्रदेश के माधव राष्ट्रीय उद्यान को देश का 58वाँ बाघ अभयारण्य घोषित किया। यह नया राष्ट्रीय उद्यान मान्यता पाने वाला राज्य का 9वाँ राष्ट्रीय उद्यान भी है।