भारतीय रेलवे ने दिल्ली-मुंबई उच्च घनत्व मार्ग के मथुरा-कोटा खंड पर स्वदेशी रेल सुरक्षा प्रणाली ‘कवच 4.0’ को सफलतापूर्वक लागू किया है। कवच एक स्वदेशी रूप से विकसित स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली (Automatic Train Protection – ATP system) है। इसे RDSO (Research Designs and Standards Organisation) ने भारतीय उद्योगों के सहयोग से विकसित किया है। यह प्रणाली लोको पायलट की सहायता करती है ताकि ट्रेनें निर्धारित गति सीमा के भीतर ही चलें। अगर लोको पायलट समय पर ब्रेक नहीं लगाता, तो कवच अपने आप ब्रेक लगा देता है। खराब मौसम (जैसे कोहरा या बारिश) में भी यह प्रणाली सुरक्षित ढंग से ट्रेन चलाने में मदद करती है। इसमें विफलता की संभावना मात्र 1 बार प्रति 10,000 वर्षों में होती है — यह सबसे उच्च सुरक्षा स्तर माना जाता है।