Larry Ellison बने दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति, एलन मस्क को छोड़ा पीछे

सॉफ्टवेयर कंपनी Oracle के को-फाउंडर लैरी एलिसन दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। लैरी ने टेस्ला के सीईओ एलन मस्क को पीछे छोड़कर पहली बार दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति होने की उपलब्धि हासिल की है। ब्लूमबर्ग बिलियनियर्स इंडेक्स के अनुसार, लैरी एलिसन की संपत्ति में बढ़ोतरी की वजह से उनकी कुल संपत्ति यानी नेट वर्थ 393 अरब डॉलर हो गई। जबकि, एलन मस्क की कुल संपत्ति 385 अरब डॉलर है। ये इंडेक्स द्वारा दर्ज की गई एक दिन में अभी तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी है। बताते चलें कि एलन मस्क साल 2021 में पहली बार दुनिया के सबसे धनी व्यक्ति बने थे। लेकिन बाद में वे अमेजन के जेफ बेजोस और LVMH के बर्नार्ड अर्नाल्ट के हाथों पीछे हो गए। हालांकि, मस्क ने एक बार फिर वापसी की और पिछले साल एक बार फिर दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए और 300 से भी ज्यादा दिनों तक दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने रहे।